- अहलेबैत न्यूज़ एजेंसी अबना: ईरान के ख़ातेमुल अंबिया एयर डिफ़ेंस हेडक्वार्टर के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल फरज़ाद इस्माइली ने कहा है कि ईरान के "नज़ीर" नामक अत्याधुनिक रडार प्रणाली एक बेमिसाल रडार प्रणाली है। उन्होंने बताया कि इस रडार सिस्टम से बचकर और उसकी रेंज में आए बिना कोई भी उड़ने वाली चीज़ ईरान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकती।
ब्रिगेडियर जनरल इस्माइली ने कहा कि रडार सिस्टम में एम क्यू वन, आर क्यू फोर और यू टू, टाइप के विमानों और उड़ान भरने वाली छोटी चीज़ों का पता लगाने की पूरी क्षमता पाई जाती है। उन्होंने कहा कि ईरान के "नज़ीर" रडार प्रणाली बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों और सबसे बढ़कर उन विमानों का भी पता लगाने और पीछा करने में सक्षम है जो रडार स्क्रीन पर नजर नहीं आते। ईरान के ख़ातेमुल अंबिया एयर डिफ़ेंस हेडक्वार्टर के कमांडर ने बताया कि नज़ीर रडार प्रणाली को ईरान के रेगिस्तान और तीन हजार मीटर की ऊंचाई पर स्थापित किया गया है जिसने काम करना शुरू कर दिया है। ईरान के सबसे माडर्न रडार सिस्टम नज़ीर के माध्यम से ईरान की हवाई सीमाओं से कई किलोमीटर दूर भी उड़ने वाली चीजों पर नजर रखी जा सकती है। यह रडार प्रणाली ईरान की ओर उड़ कर आने वाली हर चीज का पता लगाकर सीमा के पास आने से पहले ही एयर डिफेंस सिस्टम को इसकी सूचना दे सकती है। प्रतिदिन एक हजार से अधिक विमान ईरान के हवाई क्षेत्र से गुजरते हैं जिन पर वायु रक्षा प्रणाली की नजर रहती है। कोई भी विमान अनुमति के बिना ईरान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकता।